मिलन समारोह : जदयू छोड़कर जन सुराज में शामिल हुए संतोष महतो, एम एल सी सच्चिदानंद राय ने किया स्वागत - H.M News

Breaking खबरें

रविवार, अक्तूबर 29

मिलन समारोह : जदयू छोड़कर जन सुराज में शामिल हुए संतोष महतो, एम एल सी सच्चिदानंद राय ने किया स्वागत

मिलन समारोह : जदयू छोड़कर जन सुराज में शामिल हुए संतोष महतो, एम एल सी सच्चिदानंद राय ने किया स्वागत 

रिपोर्ट : मधुरेश प्रियदर्शी

हिंदुस्तान मीडिया/पटना/बिहार 

बिहार की सत्ताधारी पार्टी जदयू में भगदड़ मची है। सीएम नीतीश कुमार की पार्टी से नेताओं के इस्तीफे का दौर जारी है। इसी कड़ी में रविवार को अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष महतो ने जदयू से इस्तीफा देकर जन सुराज का दामन थाम लिया। राजधानी पटना स्थित जन सुराज कार्यालय में संतोष महतो का स्वागत सारण के एमएलसी सच्चिदानंद राय एवं मोहित सिन्हा  ने अंग वस्त्र और फ़ूल माला से किया। इस अवसर पर संतोष महतो ने जदयू और सीएम नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जबसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को अपना उत्तराधिकारी और बिहार का नेतृत्व सौंपने की घोषणा की है, तभी से बिहार का अति पिछड़ा समाज खुद को ठगा समझने लगा है। संतोष महतो रविवार को सूबे के विभिन्न जिलों के अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पटना के पाटलिपुत्र कालनी स्थित जन सुराज के कार्यालय में विधिवत सदस्यता ग्रहण करने के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। ज्ञात हो कि श्री महतो पिछले दिनों ही जन सुराज के प्रणेता प्रशांत किशोर के समक्ष जन सुराज में शामिल हो गए थे। आज विधिवत सदस्यता ग्रहण सह मिलन समारोह आयोजित किया गया।

सीएम नीतीश का अब कोई जनाधार नहीं

पूर्व जदयू नेता संतोष महतो ने कहा कि जदयू सुप्रीमो और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जनता के बीच अपना जनाधार खो चुके हैं। श्री महतो ने कहा हमलोगों ने उस पढ़ें लिखे इंजीनियर नीतीश कुमार को अपना नेता माना था, जो लालू यादव के जंगल राज का विरोध किया करते थे। श्री कुमार और उनका जदयू फिर उसी लालू यादव से सांठ-गांठ कर उस व्यक्ति को उत्तराधिकारी घोषित कर मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं जो नौवीं फेल हैं तथा जो न्यायालय में भ्रष्टाचार का मुकदमा झेल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अठारह वर्षों के शासन काल में उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को चौपट कर दिया और उन्होंने युवाओं के रोजगार की कोई चिंता नहीं की। बिहार में पहले चल रहे उद्योग-धंधे बंद कर दिए गए और कोई कल-कारखाना नहीं खोला गया। श्री महतो ने कहा कि जन सुराज के प्रणेता प्रशांत किशोर पदयात्रा कर समाज के सभी वर्गों को जगाने, उन्हें अपने वोट के अधिकार को समझाने तथा गरीबी से निकलने का रास्ता बताने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर महात्मा गांधी के बाद देश में दूसरे ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने अभी तक पैंतीस सौ किलोमीटर की पदयात्रा कर करीब चार हजार गांवों में पहुंचे हैं और लोगों की समस्याओं को अपनी नज़र से देखा है। प्रशांत किशोर के कुशल नेतृत्व में जन सुराज से ही बिहारियों का भविष्य बेहतर हो सकेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक राजद-जदयू और भाजपा ने मिलकर बिहार को रसातल में पहुंचाने का काम किया है तथा गरीबों की हकमारी इन राजनीतिक दलों की फितरत है। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से जात और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर बिहार की बेहतरी के लिए जन सुराज के साथ एकजुट होने की अपील की। 

संतोष महतो के साथ इन लोगों ने भी ली जन सुराज की सदस्यता

जदयू के पूर्व नेता संतोष महतो के साथ जदयू में सक्रिय रहे संतोष प्रसाद, सत्येन्द्र महतो, मनोज कुमार, पप्पू महतो, गणेश महतो, राज़ कुमार पाठक, अखिलेश महतो,मोहन केसरी, मुन्ना बिंद, प्रेम नाथ चौहान, रणधीर महतो एवं जयप्रकाश महतो समेत सैकड़ों लोगों ने भी जन सुराज की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता लेने वाले सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जन सुराज की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने एवं संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया। उक्त आशय की जानकारी जन सुराज के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय कुमार ठाकुर ने पत्रकारों को दी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें