मोतिहारी : लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो गुर्गे नेपाल सीमावर्ती रक्सौल से गिरफ्तार - H.M News

Breaking खबरें

सोमवार, अक्तूबर 23

मोतिहारी : लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो गुर्गे नेपाल सीमावर्ती रक्सौल से गिरफ्तार

मोतिहारी : लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो गुर्गे नेपाल सीमावर्ती रक्सौल से गिरफ्तार

रिपोर्ट : मधुरेश प्रियदर्शी

हिंदुस्तान मीडिया/भारत-नेपाल सीमा/रक्सौल/बिहार 

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने जिले के नेपाल सीमावर्ती भारतीय शहर रक्सौल से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और बिक्रम बरार गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों के पास से पुलिस ने हथियार और कारतूस भी बरामद किया है। गिरफ्तार गुर्गे की पहचान पश्चिमी चंपारण जिले के मैनाटाड़ के शशांक पांडेय और हरपुर थाना क्षेत्र के त्रिभुवन साह के रूप में हुई है। पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने सोमवार को बताया कि 22 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई और विक्रम बरार ग्रुप के सक्रिय अपराधी को हथियार के साथ रक्सौल थाना क्षेत्र में देखा गया है, जो अपराध की किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसी सूचना के आधार पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद टीम ने रक्सौल क्षेत्र में नाकाबंदी करते हुए दो अपराधी को हथियार एवं कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि रक्सौल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है। दोनों के पास से एक पिस्तौल, गोली और 2,100 रुपये नेपाली करेंसी और इंडियन करेंसी बरामद किया गया है। बताया जाता है कि गिरफ्तार दोनों हरियाणा और राजस्थान में कई मामलों में वांछित हैं।

फिल्म अभिनेता सलमान खान को धमकी देने वाले विक्रम बरार का करीबी है शशांक

रक्सौल बॉर्डर के समीप पुलिस के हत्थे चढ़ा शशांक पांडेय सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने वाले गैंगस्टर विक्रम बरार का करीबी है। अब तक वह चार बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है। जिसमें से दो में जेल भी जा चुका है। वहीं, अन्य दो मामलों में लंबे अरसे से फरार था। एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बीते वर्ष जून-जुलाई में इसके पिता के घर पर एनआईए द्वारा रेड किया गया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हरियाणा पुलिस उसे रिमांड पर पूछताछ के लिए ले जाएगी। उन्होंने कहा कि छापेमारी टीम में शामिल सभी पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को पुरस्कृत किया जाएगा। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और बिक्रम बरार गैंग के दो गुर्गों की गिरफ्तारी पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस के लिए बहुत बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें