AAP का प्रदर्शन : अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता से तिलमिलाई भाजपा, केसरिया में बोले शत्रुघ्न साहू - H.M News

Breaking खबरें

शुक्रवार, अक्तूबर 6

AAP का प्रदर्शन : अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता से तिलमिलाई भाजपा, केसरिया में बोले शत्रुघ्न साहू

 AAP का प्रदर्शन : अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता से तिलमिलाई भाजपा, केसरिया में बोले शत्रुघ्न साहू

रिपोर्ट : मधुरेश प्रियदर्शी 

हिंदुस्तान मीडिया/मोतिहारी/बिहार 

जनता की जायज मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया प्रखंड कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इससे पहले जुलूस लेकर आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता  प्रखंड कार्यालय पहुंचे। जुलूस में शामिल लोग केसरिया प्रखंड की जनता के जायज मांगों के समर्थन और बिहार सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। आप समर्थक प्रखंड कार्यालय में बढ़ती दलाली प्रथा पर रोक लगाने, किसानों को सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ दिलाने, सभी नहर, आहर और पइन को एक साथ जोड़ कर सिंचाई का साधन विकसित करने, बंद पड़े नलकूपों को चालू करने, वंचित लोगों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिलाने एवं किसान सम्मान निधि की राशि में बढ़ोतरी करने की मांग कर रहे थे।

आप नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी अवैध 


प्रखंड कार्यालय के मुख्य द्वार पर मुख्य वक्ता के रुप में प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व जोनल प्रभारी शत्रुघ्न साहू ने कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपनी कर्मठता और संघर्ष से सकारात्मक राजनीति का जो अद्वितीय मॉडल स्थापित किया है वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के काम का डंका देश-दुनिया में बज रहा है। पुरे देश की जनता अरविंद केजरीवाल के तरफ आशा भरी निगाहों से देख रही है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि होप ऑफ इंडिया बन चुके अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता और जनता के बीच स्वीकार्यता से भाजपा तिलमिला गई है। उन्होंने कहा कि घबराई हुई भाजपा बेचैन हो कर आम आदमी पार्टी के खिलाफ तरह-तरह का षड्यंत्र करने में लगी है। यही कारण है कि पहले आप नेता सत्येन्द्र जैन फिर मनीष सिसोदिया और अब संजय सिंह की गिरफ्तारी अकारण और अवैध तरीके से की गई है। लेकिन देश की जनता सब जानती है और आने वाले लोकसभा चुनाव में अहंकार और तानाशाही का भी भाजपा के साथ ही सफाया हो जाएगा। 

इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव में उतरेगी आप

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर लोकसभा का चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि देश की बहुसंख्यक आबादी यह चाहती है कि अब अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री बने। आज के धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिला प्रवक्ता रामाधार राय ने की जबकि मंच का संचालन विधानसभा प्रभारी अरुण कुमार यादव ने किया। धरना-प्रदर्शन की समाप्ति के बाद आप नेताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर जनता की जायज मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। मौके पर पार्टी के प्रखंड प्रभारी व मठिया पंचायत के सरपंच विनोद प्रसाद, अशोक पासवान,जरनल सिंह, सुनील सिंह, विद्यासागर, जीतन पासवान, छठिया देवी एवं उर्मिला देवी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें