हादसा : पोखर में डूबकर तीन बच्चों की मौत, गांव में मचा कोहराम - H.M News

Breaking खबरें

शुक्रवार, सितंबर 8

हादसा : पोखर में डूबकर तीन बच्चों की मौत, गांव में मचा कोहराम

हादसा : पोखर में डूबकर तीन बच्चों की मौत, गांव में मचा कोहराम 

रिपोर्ट  : मधुरेश प्रियदर्शी

हिंदुस्तान मीडिया/मोतिहारी/बिहार

पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां के भगवतिया गांव में पोखर में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। बच्चों की मौत के बाद गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने तीनों बच्चों के शव को पोखर से बाहर निकला। शव को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक बच्चों में अमित कुमार सिंह का साढ़े चार साल का पुत्र अंकुश कुमार, छह वर्षीया पुत्री डिंपल कुमारी एवं विनोद पासवान का एक मात्र सात वर्षीय पुत्र रवि कुमार शामिल है। अंकुश एवं डिंपल आपस में भाई-बहन थे। भाई-बहन की एक साथ हुई मौत से एक तरह अमित कुमार सिंह का परिवार ही समाप्त हो गया। इस हादसे की सूचना मिलते ही केसरिया के थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरा करते हुए तीनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया।

बार-बार बेहोश हो रही थी मृतक बच्चों की मां, लोग बंधा रहे थे ढांढस

एक साथ तीन बच्चों की मौत से भगवतिया गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। अमित कुमार सिंह की पत्नी रौशन देवी अपने दोनों मृत बच्चों के शव से लिपट कर दहाड़ मारकर रो रही थी। वह बार-बार चिल्ला कर बोल रही थी कि हे भगवान ये क्या हो गया। दोनों बच्चों की मौत से अमित कुमार सिंह के परिवार का सबकुछ लूट गया।अमित कुमार सिंह पेशे से किसान हैं। उधर, एक मात्र बेटे की मौत से विनोद पासवान के घर का चिराग बूझ गया। विनोद पासवान को दो लड़की और एक लड़का था। घटना के बाद विनोद पासवान के आंसू थमने के नाम नहीं ले रहे थे।जबकि उनकी पत्नी बबिता देवी इकलौते बेटे की मौत के बाद कलेजा पीट कर रोते-रोते बेहोश हो जा रही थी। इस बड़े हादसे के बाद पूरा भगवतिया गांव शोक में डूबा है। स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि बीर बहादुर राम एवं वार्ड सदस्य शंभू सिंह सहित अन्य लोग पीड़ित दोनों परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाने में जूटे थे। सबकी जुबान से सिर्फ एक एक ही शब्द निकल रहे थे...... हे भगवान आखिर ये क्या हो गया?

1 टिप्पणी: