अमृत महोत्सव : एबीवीपी देश का सबसे ताकतवर संगठन, पटना में बोले सुशील कुमार मोदी - H.M News

Breaking खबरें

शनिवार, सितंबर 23

अमृत महोत्सव : एबीवीपी देश का सबसे ताकतवर संगठन, पटना में बोले सुशील कुमार मोदी

अमृत महोत्सव :  एबीवीपी देश का सबसे ताकतवर संगठन, पटना में बोले सुशील कुमार मोदी

रिपोर्ट : मधुरेश प्रियदर्शी

हिंदुस्तान मीडिया/स्टेट डेस्क/पटना/बिहार 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बिहार प्रदेश द्वारा अभाविप के 75 वर्ष की यात्रा के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन राजधानी पटना के रविन्द्र भवन में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधिवत रूप से बतौर मुख्य अतिथि अभाविप के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री सह राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी, अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रामनरेश सिंह, पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री हरेंद्र प्रताप, राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल, सामाजिक कार्यकर्ता पद्मश्री विमल जैन, संगठन की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ममता कुमारी, प्रदेश मंत्री अभिषेक यादव एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य समृद्धि सिंह राठौड़ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुशील कुमार मोदी ने कहा कि शिक्षा एवं समाज के मुद्दों पर अभाविप बिहार के कार्यकर्ताओं ने सबसे ज्यादा लाठियां खाई हैं और जेल  गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन को 75 वर्ष पूर्ण करना सामान्य बात नहीं है। आज अभाविप पहले से ज्यादा ताकतवर संगठन है। अभाविप ने 1974 के आंदोलन एवं आपातकाल के समय कार्य कर के एक माइलस्टोन खड़ा किया। जब भी ऐसे विषयों पर कुछ लिखा जाएगा तो बिहार को भुला नहीं जाएगा। सुमो ने कहा कि आने वाले 25 वर्षों में भारत का सपना विकसित राष्ट्र बनने का है। आज का यह अमृत काल देश को नई दिशा देने का काल है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें लोककल्याण का मंत्र जीवन मे आत्मसात करना होगा। भारत की परंपरा एवं विचार लोक कल्याण का है।

जेपी आंदोलन में बिहार की रही है बड़ी भूमिका : आशीष चौहान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान ने कहा कि बिहार का नेतृत्व सत्ता परिवर्तन का रहा है। बिहार अपनी कहानी अपने नेतृत्व से थोड़ी अलग बताता है। जेपी आंदोलन में बिहार की बड़ी भूमिका रही है। जब देश में समरसता का आग्रह हुआ तो उसको संचालित करने में बिहार सबसे आगे था। समाज में आरक्षण आवश्यक है ऐसा विचार अभाविप लेकर आगे बढ़ा इसमे बिहार का दशकों के प्रयास है। विद्यार्थी परिषद सिर्फ मुद्दों तक सीमित नही है। विद्यार्थी परिषद की वर्तमान टोली उसी शक्ति, उसी जिजीविषा के साथ कार्य कर रही है। आज सभी पूर्व कार्यकर्ताओं के ऊपर भी वर्तमान कार्यकर्ताओं को विचार दृष्टि करने का दायित्व है।

सदैव सामाजिक संवेदना को लेकर कार्य करता है एबीवीपी : प्रो. रामनरेश सिंह 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रामनरेश सिंह ने बताया कि हम सभी 75 वर्ष की यात्रा तय कर चुके हैं यह ऐतिहासिक क्षण है। इस बीच अभाविप ने राष्ट्रीय के साथ साथ अंतराष्ट्रीय विषयों पर भी अपनी शक्ति दिखाई है। नक्सलियों का प्रभाव कई प्रान्तों में रहा इस दौरान बिहार के कार्यकर्ताओं ने हिंसा के खिलाफ शांति यात्रा की। अभाविप सदैव सामाजिक संवेदना को लेकर कार्य करता है। शिक्षा के क्षेत्र में परिसर जीवंत करने के अभियान को लेकर अभाविप ने कार्य कर के एक मिशाल खड़ा किया है। आज भारत मे सनातन मूल्यों की रक्षा करने की गतिविधियां प्रारम्भ करने की जरूरत है। 

देश में विदेशी विचारों के प्रभाव पर अंकुश लगाने की जरूरत : हरेन्द्र प्रताप

अमृत महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभाविप के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री हरेंद्र प्रताप ने कहा कि आज भारत में विदेशी विचारों के प्रभाव पर अंकुश लगाने की जरूरत है। विदेशी विचारों को पूर्व में प्रश्रय दिया गया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के विश्वविद्यालयों में भारत तेरे टुकड़े होंगे जैसे नारा लगाने वालों से कठोरता से निपटने की जरूरत है। आज के वर्तमान समय में बाह्य से ज्यादा लड़ाई अब आंतरिक है। समाज की संवेदना जो अभाविप ने शुरू किया था उसको अब परिवार में सक्रियता से आत्मसात करने की जरूरत है।

अभाविप के मणि हैं सभी पूर्व कार्यकर्ता : राष्ट्रीय महामंत्री

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि बिहार विद्यार्थी परिषद् की यात्रा देश को नेतृत्व देने की यात्रा रही है। राष्ट्रीय एकात्मकता की यात्रा के रूप में बिहार के कार्यकर्ताओं की यात्रा है। उन्होंने कहा कि हमारे सभी पूर्व कार्यकर्ता अभाविप के मणि हैं। आज हमारे राष्ट्रीय आंदोलन की जीत है कि हर क्षेत्र के लोग अपने देश का नाम भारत ही देखना चाहते हैं। बिहार के कार्यकर्ता समाज के खाई को भरने का कार्य करते हैं। सभी पूर्व कार्यकर्ताओं ने जो संस्कार प्रज्वलित किया है, उनको वर्तमान कार्यकर्ता संकल्प के रूप में लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

संगठन रुपी वटवृक्ष है एबीवीपी :  पद्मश्री विमल जैन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभाविप के पूर्व कार्यकर्ता पद्मश्री विमल जैन ने कहा कि यह अमृत महोत्सव कार्यक्रम श्रद्धा एवं सम्मान का गौरवशाली मंच है। जो नींव परिषद् के पहले कार्यकर्ताओं में रखी वह आज वट वृक्ष बन चुका है। आज का विद्यार्थी आज का नागरिक है इसको अभाविप ने पूर्ण रूप से साकार किया है। देश के जितने भी यशस्वी क्षेत्र हैं उनमें अभाविप की झलक देखने को मिलती है।

महिला आरक्षण बिल भारत के लिए अभिनंदनीय : राठौड़

कार्यक्रम के दौरान छात्रा कार्य पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य समृद्धि सिंह राठौड़ ने बताया कि आज परिषद् के अनेकों ऐसे कार्यक्रम हैं जिसका नेतृत्व छात्राएं कर रही हैं। सृजना निखार शिविर,मिशन साहसी एवं ऋतुमती अभियान के साथ लोक कल्याण के कार्य अभाविप कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल का आना भारत के लिए अभिनंदनीय है।

एबीवीपी समरसता में विश्वास करने वाला छात्र संगठन : डॉ ममता कुमारी

कार्यक्रम के प्रस्तावित उदबोधन में अभाविप बिहार की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ममता कुमारी ने बताया कि अभाविप परिवार की प्रत्यक्ष कार्यशाला है, जंहा संस्कार निर्माण होता है। हम समरसता में विश्वास करने वाले तथा स्वयं एवं स्वयं के साथ दूसरों की चिंता करने वाले संगठन हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य नीतीश पटेल एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश मंत्री अभिषेक यादव ने किया।

कार्यक्रम के दौरान हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कई नामी-गिरामी हस्तियां रही मौजूद

इस ऐतिहासिक मौके पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के क्षेत्रीय संगठन मंत्री निखिल रंजन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक रामनवमी, क्षेत्र कार्यवाह मोहन सिंह, क्षेत्र संपर्क प्रमुख अनिल ठाकुर, क्षेत्र प्रचार प्रमुख राजेश पांडेय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री भाजपा नागेंद्र, बिहार भाजपा के संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया,महराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव, पप्पू वर्मा, गौरव प्रकाश, विक्की राय, वर्तमान कार्यकर्ता विक्की शाह, रौशन कुमार, अभिनव पांडेय ,शशि कुमार, गौतम कुमार, प्रियरंजन सिंह जी, प्रतिभा मिश्रा, प्रगति राज, नागेंद्र कुमार, प्रशांत गौतम, नवनीत मिश्रा, मोनालीसा घोष एवं स्मृति सिंह सहित हजारों पूर्व व वर्तमान कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें