बिहार : बसपा को छोड़ जदयू में शामिल हुए विधायक जमां खान
हिंदुस्तान मीडिया/पटना/बिहार
बिहार में कैबिनेट विस्तार की रस्साकशी के बीच राजनैतिक जोड़तोड़ का भी खेल जारी है। ताजा घटनाक्रम में आज सुश्री मायावती की पार्टी बसपा के इकलौते विधायक जमां खान जदयू में शामिल हो गए। जमां खान के जदयू में आने के बाद बिहार विधानसभा में जदयू विधायकों की संख्या 43 से बढ़कर 44 हो गई है। पार्टी में शामिल होने के लिए जमां खान ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह को पत्र लिखकर अपनी इच्छा से उन्हें अवगत कराया था। आज शुक्रवार को जदयू में शामिल होने के बाद विधायक जमां खान राजधानी पटना स्थित सीएम आवास पहुंचे। जहां उन्होंने सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान सूबे के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी एवं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे। जमां खान कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से बसपा के टिकट पर चुने गये थे।
सरकार में शामिल होकर जनहित में करूंगा विकास का काम : जमां खान
जदयू में शामिल होने के बाद विधायक जमां खान ने कहा कि वे सरकार में शामिल होकर जनता के हित में विकास का काम मुस्तैदी से करेंगे। आपको बता दें कि जमां खान के कई महीने से जदयू में शामिल होने की चर्चा हो रही थी। वे चुनाव जीतने के बाद से ही सीएम नीतीश कुमार के विकास कार्यों की सराहना कर रहे थे। पूर्व में जमां खान ने जदयू के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह से भी मुलाकात की थी। विश्वस्त सूत्रों की अगर माने तो चैनपुर के विधायक जमां खान को नीतीश कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।
No comments:
Post a Comment