हिंदुस्तान मीडिया/मोतिहारी/बिहार
बिहार के कृषि व पशुपालन मंत्री डॉ.प्रेम कुमार आज मोतिहारी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूर्वी चंपारण के बाढ़ प्रभावित बंजरिया प्रखंड का दौरा किया। अपने दौरा के क्रम में कृषि मंत्री ने बाढ के कारण हुए फसल, पशुधन, पशुचारा एवं मत्स्यपालकों को हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान कृषि मंत्री ने मौके पर उपस्थित जिले के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह ने किसानों की दयनीय स्थिति से मंत्री को कराया अवगत
मोतिहारी के परिसदन में पहुंचकर कल्याणपुर के विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह ने कृषि मंत्री से मुलाकात की। विधायक श्री सिंह ने हाल के दिनों में आई विनाशकारी बाढ़ एवं अतिवृष्टि से कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के कल्याणपुर एवं कोटवा प्रखंड के किसानों, पशुपालकों एवं मत्स्यपालकों को हुई क्षति से कृषि व पशुपालन मंत्री डॉ.प्रेम कुमार को अवगत कराया। इससे संबंधित एक आवेदन भी विधायक श्री सिंह ने कृषि मंत्री को सौंपा। अपने आवेदन में उन्होंने लिखा है कि इस वर्ष अबतक हुई अत्यधिक वर्षा एवं विनाशकारी बाढ़ के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हो गई है। विभिन्न गांवों में बाढ़ के कारण पशुओं की भी मौत हो गई है। अत्यधिक वर्षा के कारण पशुओं का चारा भी सड़ गया है। विधायक ने आवेदन में लिखा है कि बाढ़ के पानी में मत्स्यपालकों की मछलियां भी बह गई हैं। उन्होंने यह भी लिखा है कि कल्याणपुर एवं कोटवा के किसानों, पशुपालकों एवं मत्स्यपालकों को अत्यधिक वर्षा एवं बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। विधायक श्री सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र के कल्याणपुर एवं कोटवा प्रखंड के शत् प्रतिशत किसानों, पशुपालकों एवं मत्स्यपालकों को हुई क्षति की भारपाई करने की मांग कृषि व पशुपालन मंत्री से की।किसानों, पशुपालकों एवं मत्स्यपालकों की मदद करेगी बिहार सरकार : मंत्रीविधायक श्री सिंह की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए सूबे के कृषि व पशुपालन मंत्री डॉ.प्रेम कुमार ने कहा कि इस वर्ष आई विनाशकारी बाढ़ एवं अत्यधिक वर्षा के कारण हुई क्षति का आकलन कराया जा रहा है। उन्होंने विधायक श्री सिंह को आश्वासन दिया कि यहां के किसानों, पशुपालकों एवं मत्स्यपालकों को फसल नुकसान के साथ ही पशुचारा एवं मछलियों के नुकसान की भी क्षतिपूर्ति दिलाई जाएगी। मंत्री डॉ.कुमार ने यह भी कहा कि सरकार इस वर्ष फसल क्षति के दायरे में गन्ना के फसल को भी शामिल करने की तैयारी में जुटी है। इससे यहां के गन्ना किसानों को भी फसल क्षति का लाभ मिल सकेगा। विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह द्वारा किसान हित में कृषि मंत्री के समक्ष मांग रखे जाने से कल्याणपुर एवं कोटवा प्रखंड के किसानों की उम्मीदें बढ़ गई है। कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने विधायक श्री सिंह को धन्यवाद दिया है।रिपोर्ट : मधुरेश प्रियदर्शी
No comments:
Post a Comment