सोनिया गांधी का बड़ा एलान, प्रवासी मजदूरों का रेल किराया देगी कांग्रेस पार्टी
सेन्ट्रल डेस्क/नई दिल्ली
देश में जारी लॉकडाउन के बीच दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों की घर वापसी के लिए भारत सरकार श्रमिक स्पेशल ट्रेन चला रही है। हालांकि रेलवे द्वारा मजदूरों से किराया वसूलने की बात सामने आने के बाद देश की राजनीति गरमा गई है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक बड़ा एलान किया है। आज कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि प्रवासी मजदूरों के रेल किराए का भुगतान संबंधित प्रदेश की कांग्रेस कमेटी करेगी। सोनिया गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय से कई बार हमने यह मांग की कि लॉकडाउन की वजह से फंसे प्रवासी मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने का किराया नहीं लिया जाए। उन्होंने सरकार पर कांग्रेस की बात को अनसुनी करने का आरोप लगाया।आजादी के बाद पहली बार मजदूरों पर आया बड़ा संकट
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, उनकी मेहनत और त्याग देश का आधार है। 1947 के बंटवारे के बाद देश ने पहली बार ऐसा संकट देखा है कि हजारों मजदूर सैंकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर घर वापसी के लिए मजबूर हो गए। जबकि उनके पास पैसा, खाने-पीने का सामान और दवा तक का कोई इंतजाम नहीं हैं।सरकार की कार्यशैली पर उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केन्द्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि जब विदेशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने का किराया नहीं लिया गया तो फिर प्रवासी मजदूरों के लिए ऐसी विनम्रता क्यों नहीं दिखाई जा सकती? सोनिया गांधी ने कहा कि जब हम गुजरात के एक कार्यक्रम में सरकारी खजाने से 100 करोड़ रुपए ट्रांसपोर्ट और खाने पर खर्च कर सकते हैं। रेल मंत्रालय प्रधानमंत्री के कोरोना फंड में 151 करोड़ रुपए दे सकता है तो फिर प्रवासी मजदूरों को मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा क्यों नहीं दे सकते? उन्होंने कहा कि यह परेशान करने वाली बात है कि संकट की घड़ी में रेलवे लाचार मजदूरों से किराया वसूल रहा है।कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी का बयान
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने यह निर्णय लिया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की हर इकाई हर जरूरतमंद श्रमिक व कामगार के घर लौटने की रेल यात्रा का टिकट खर्च वहन करेगी व इस बारे जरूरी कदम उठाएगी। pic.twitter.com/DWo3VZtns0— Congress (@INCIndia) May 4, 2020
Super news
ReplyDelete